-
Advertisement
10 दिन पहले चंडीगढ़ से घर लौटी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौ#त
Himachal Crime News: धर्मशाला स्थित चीलगाड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवती का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय शबनम पुत्री चरण दास, निवासी वार्ड नंबर 6, चीलगाड़ी (धर्मशाला) के रूप में हुई है। युवती का शव उसके घर के समीप ही स्थानीय सड़क के किनारे जली हुई अवस्था में बरामद हुआ है।
सुबह घर से निकली थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शबनम शनिवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर से बाहर निकली थी। कुछ ही देर बाद उसके माता-पिता और स्थानीय लोगों ने घर से कुछ दूरी पर दिखाई देने वाले एक स्थान पर आग जलती हुई देखी। जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शबनम को आग की लपटों में घिरा पाया। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाकर उसे बचाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
10 दिन पहले ही चंडीगढ़ से घर लौटी थी शबनम
बताया जा रहा है कि शबनम मूल रूप से करेरी गांव की रहने वाली थी और वर्ष 2023 से अपने माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ चीलगाड़ी में रह रही थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ-साथ अपनी बहन के साथ चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। करीब 10-11 दिन पहले ही वह चंडीगढ़ से अपने घर धर्मशाला लौटी थी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजे पुलिस थाना धर्मशाला को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ASP ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
फिलहाल युवती के माता-पिता इस घटना के पीछे के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पूरी तरह अनजान हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका की बहन चंडीगढ़ से धर्मशाला के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चंडीगढ़ से उसकी बहन के पहुंचने और उसका बयान दर्ज होने के बाद इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और आत्महत्या व अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
रविंद्र चौधरी
