- Advertisement -
शिमला। हिमाचल (Himachal) में चुनावी साल के चलते सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टियों में इन और आउट के खेल ने बड़े नेताओं की धुक-धुकी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश की आम आदमी पार्टी (APP) की राज्य कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। नई कार्यकारिणी का जल्द गठन किया जाएगा।
दिल्ली सरकार (Delhi Government) के मंत्री व हिमाचल आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने सोमवार देर शाम को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बता दें तीन दिन के भीतर आम आदमी पार्टी को दूसरा बड़ा झटका लगा है। प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी (State President Anoop Kesari) के बाद अब पांच और नेताओं ने आप को छोड़कर बीजेपी (BJP) का दामन थाम लिया है।
आप की महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ममता ठाकुर (State President Mamta Thakur), उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल, संगीता, उद्योग विंग के प्रदेश अध्यक्ष डीके त्यागी और सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने सोमवार को नई दिल्ली (New Delhi) में बीजेपी की सदस्यता ली। इन्हें केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सदस्यता ग्रहण करवाई। आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी भी इस मौके पर मौजूद रहे। इन नेताओं का कहना है कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की हिमाचल विरोधी कार्यशैली से रुष्ट होकर वे बीजेपी में शामिल हुए हैं। इसके बाद आप ने हिमाचल (Himachal) में पूरी राज्य कार्यकारिणी भंग करने का फैसला लिया।
अनूप केसरी के बीजेपी में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने हिमाचल प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए बेदाग चेहरों की तलाश तेज कर दी है। कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर या शिमला जिला से नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। हाईकमान ने प्रदेश और जिला कार्यकारिणियों से नाम भेजने के लिए कहा गया है।एक सप्ताह बाद नए प्रदेश अध्यक्ष पर फैसला हो सकता है। तब तक दिल्ली से ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष आईडी भंडारी ने कहा कि दिल्ली से टीम हिमाचल दौरे पर आई है। पार्टी हाईकमान लगातार इस टीम के संपर्क में है। पार्टी के यही नेता हाईकमान को हिमाचल की रिपोर्ट दे रहे हैं। हिमाचल में अध्यक्ष बनाने के लिए साफ छवि के नेता को देखा जा रहा है। वहीं, प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि हाईकमान से दिशा-निर्देश जारी हो रहे हैं।
- Advertisement -