-
Advertisement
ट्रक की बैटरी में हुआ जोरदार धमाका, चारों तरफ फैल गया धुंआ, कैबिन जलकर राख
Himachal News: हमीरपुर फोरलेन पर सरिया से लदे एक ट्रक का कैबिन ट्रक की बैटरी फट जाने से पूरी तरह जल कर राख हो गया है। इस हादसे में ट्रक चालक की जान बड़ी मुश्किल से बच पाई। ट्रक चालक दया राम (65 ) निवासी गांव अंबोटा गगरेट क्षेत्र ने बताया कि वह ट्रक (एचपी 72-3878) में सरिया लाद कर गत शाम गगरेट से बिलासपुर के दद्योल गांव की ओर चला था।
सीट के नीचे रखी ट्रक की बैटरी में जोरदार धमाका
रात करीब साढ़े दस बजे उसने नादौन के निकट जलाड़ी गांव में ढाबे से खाना पैक करवाया। वहां से करीब तीन किलोमीटर आगे जब वह भट्ठा गांव के पास पहुंचा तो कैबिन की सीट के नीचे रखी ट्रक की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और अन्दर धुंआ हो गया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक अंदर आग लग गई और वह आग से घिर गया। इतने में एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे बाहर खींच कर निकाला जिससे उसकी जान बच सकी।
सामान तथा करीब 5,000 कैश भी जल कर राख
दया राम ने बताया कि वह वह केवल ट्रक के दस्तावेज ही बाहर निकाल पाया जबकि केबिन में रखा सारा सामान तथा करीब पांच हजार रुपए कैश भी जल कर राख हो हो गया। उसने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड नादौन की टीम ने मौका पर पहुंच कर आग पर काबू पाया अन्यथा पूरा ट्रक सामान सहित जलकर राख हो जाता।
मामले की छानबीन की जा रही है
इस संबंध में दमकल अधिकारी नादौन देवेन्द्र भाटिया ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेज दिया गया था जिससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
अशोक राणा

