- Advertisement

सोलन और सिरमौर में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद, 15 तक भारी बारिश का अलर्ट
Himachal Education Institute Closed: हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम के कड़े तेवरों और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सोलन और सिरमौर जिलों के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में आज (शुक्रवार) छुट्टी घोषित कर दी है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए फैसला, स्टाफ रहेगा मौजूद
DC सोलन और सिरमौर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में सड़कें खराब होने और लैंडस्लाइड के खतरे के कारण छात्रों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, सभी स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विकासनगर में गाड़ियां क्षतिग्रस्त, फोरलेन पर गिरी चट्टान
राजधानी शिमला और इसके आसपास के इलाकों में गुरुवार से ही लगातार बारिश हो रही है। शिमला के उपनगर विकासनगर में रात के समय पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर कंडाघाट और वाकनाघाट के बीच पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। एक बड़ी चट्टान तो सड़क की दूसरी लेन तक पहुंच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। इसके अतिरिक्त, सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भारी जलभराव के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है।
15 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से लेकर 15 जुलाई तक शिमला, मंडी, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जिलों में भारी बारिश की आशंका है। विशेषकर सिरमौर, मंडी, शिमला और सोलन में लगातार कई दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि वे नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास बिल्कुल न जाएं। इसके साथ ही, 9 से 15 जुलाई के बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और प्रदेश के अन्य हिस्सों में आंधी व बिजली चमकने का अनुमान भी जताया गया है।
अनु गुप्ता

