-
Advertisement

हिमाचल: अखिल भारतीय सेवा कैडर के अधिकारियों को बड़ी सौगात, 11 फीसदी बढ़ा डीए
शिमला। प्रदेश के अखिल भारतीय सेवा कैडर के अधिकारियों को बहुत बड़ी सौगात मिली है. अखिल भारतीय सेवा कैडर के अधिकारियों के डीए में 11 फीसदी का इजाफा किया गया है। अब अधिकारियों का डीए 17 से बढ़कर 28 फीसदी हो गया है। वित्त विभाग ने डीए के भुगतान की अधिसूचना भी जारी कर दी है।
यह भी पढ़ें:पीएम मोदी के जन्मदिन पर हिमाचल को सौगात, अनुराग ठाकुर ने भेजी 15 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स
इस अधिसूचना से आईएएस (IAS), आईपीएस (IPS) व आईएफएस (IFS) कैडर के अधिकारियों को फायदा होगा। पहली जुलाई से 31 अगस्त तक की डीए की बकाया राशि अधिकारियों के जीपीएफ खाते में जमा होगी। अधिसूचना के मुताबिक अधिकारियों को सितंबर माह से डीए अक्तूबर के वेतन के साथ नगद मिलेगा। इसके साथ ही रिटायर हो चुके अधिकारियों के साथ साथ एनपीएस के दायरे में आने वाले अधिकारियों को डीए की राशि का नगद भुगतान किया जाएगा।
केंद्र की तर्ज पर डीए का भुगतान
अखिल भारतीय सेवा कैडर के अधिकारियों को केंद्र सरकार की तर्ज पर ही डीए के भुगतान का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने बीते 15 सितंबर को कर्मचारियों को छह फीसद डीए देने की अधिसूचना जारी की थी। हालांकि प्रदेश के कर्मचारियों को भी केंद्रीय कर्मियों की तर्ज पर ही डीए मिलता है।
कर्मचारियों की नाराजगी सरकार पर पड़ेगी भारी?
बता दें कि केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को 11 फीसदी डीए की अधिसूचना जारी की थी। लिहाजा प्रदेश के कर्मचारी भी केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर ही 11 फीसदी डीए की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों को 11 और कर्मचारियों को छह फीसद डीए देने की अलग अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। डीए का अलग अलग भुगतान होने से सरकार को कर्मचारियों के गुस्से का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group