-
Advertisement
Covid-19 संकट के बीच ये पहुंच गए थाने का घेराव करने, मुर्दाबाद के भी लगाए नारे
बिलासपुर। कोविड-19 संकट (Covid-19 crisis) के बीच रास्ते को बंद करने को लेकर उपजे विवाद के बीच ग्रामीणों ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के साथ बिलासपुर थाना (Bilaspur Police Station) का घेराव कर प्रशासन मुर्दाबाद के नारे (Murdabad slogans) भी लगाए। मामला कंदरौर से जुड़ा हुआ है।

कहा जा रहा है कि यहां एक प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा ग्रामीणों का रास्ता बंद किए जाने के बाद उन्होंने एसपी को रास्ता खुलवाने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। लेकिन समय बीत जाने के बाद ग्रामीणों का रास्ता नही खोला गया जिसके चलते आज ग्रामीण भड़क उठे। इसके बाद वह पूर्व विधायक बंबर ठाकुर (Former MLA Bumber Thakur) के साथ मिलकर सदर थाना का घेराव करने पहुंचे और इस दौरान बिलासपुर प्रसाशन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। ये सभी थाने के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग के अनुरूप सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।
इन ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर दर्ज करके दोषियों को दंडित नहीं किया जाता और रास्ता बहाल नहीं किया जाता है, तो मंगलवार को इस रास्ते के उखाड़े जाने से कुप्रभावित हुए 32 परिवारों के 250 से अधिक ग्रामीण अनिश्चितकाल के लिए डीसी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे। बंबर ठाकुर ने कहा कि यदि ग्रामीणों को न्याय नहीं दिया गया तो वे मंगलवार को उनके साथ तब तक धरने पर बैठेंगे जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता है। बाद में एसएचओ सदर यशवंत सिंह ने धरने पर बैठे इन ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह आज शाम चार बजे मौके पर मामले की छानबीन करके उचित कार्रवाई करेंगे,जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त किया।

