- Advertisement

कसौली का आशीष ठाकुर 3.66 KG च#रस के साथ मंडी में गिरफ्तार; पूरे ड्रग नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
Mandi Police: जिला मंडी पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना औट की टीम ने नाकाबंदी के दौरान कसौली के एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 3.66 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
झलोगी फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान धरा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, औट थाना की टीम ने झलोगी (द्वाड़ा फ्लाईओवर) के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वाहनों की रूटीन चेकिंग की जा रही थी। तभी वहां से गुजर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 3.66 किलोग्राम चरस की यह बड़ी खेप बरामद हुई। आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर, निवासी कसौली के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर चरस को सील कर दिया। पुलिस थाना औट में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 71/2026 (दिनांक 05.07.2026) के तहत एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 20 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि औट पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
संजीव कुमार

