-
Advertisement
96 साल की उम्र में भी कम नहीं जोश, हिमाचल दिवस का कार्यक्रम देखने पैदल पहुंचे देवी राम
Last Updated on April 15, 2021 by Sintu Kumar
सोलन। प्रदेश भर में आज हिमाचल दिवस मनाया गया। राज्य और जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कई लोगों के लिए ये महज एक दिन है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इसके महत्व को अच्छे से समझते हैं और इस दिन को बड़े जोश से मनाते हैं। इन्हीं में से एक हैं सोलन (Solan) के कलीन गांव के रहने वाले 96 वर्षीय देवी राम। हिमाचल दिवस का नाम लेते ही देवी राम में आज भी जोश का संचार हो जाता है। उम्र के इस पड़ाव में भी वह उत्साह के साथ आज करीब एक किलोमीटर का सफर पैदल तय कर हिमाचल दिवस का कार्यक्रम देखने ऐतिहासिक ठोडो मैदान पहुंचे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल दिवसः कोरोना वार्रियर्स को मिलेगा 1500 रुपए मानदेय, होटल इंडस्ट्री को भी राहत
देवी राम ने कहा कि हिमाचल दिवस (Himachal Diwas) हमारी आन, बान और शान है। इसे हमें हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार और उनके साथ रहे अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत ही हम आज हिमाचल दिवस मनाते हैं। डॉ. परमार के हिमाचल प्रदेश के गठन में दिए योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उनके अधूरे सपने को प्रदेश में काबिज सरकारें मूर्त रूप दे रही हैं, लेकिन अभी भी इस दिशा में और अधिक कार्य करने की जरूरत है ताकि हिमाचल आत्मनिर्भर और समृद्ध बने।
देवी राम ने कहा कि हमें आने वाली पीढ़िय़ों को भी इसके बारे में जागरूक करना चाहिए ताकि वह इस दिन के महत्व को समझें। वह घरों में अपने मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रानिक्स गैजेट से बाहर निकल कर इस जश्न में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यह महज सरकारी कार्यक्रम ना होकर हम सभी का मिला-जुला कार्यक्रम हो। कोरोना काल में हालांकि इस बार सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रम नहीं हुए, लेकिन उनको मुख्यातिथि का भाषण बहुत अच्छा लगा। देवी राम ने कहा कि प्रदेश की बेहतरी की बात सुनकर उन्हें सुकून मिलता है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group