-
Advertisement
पहलगाम आतंकी घटना के खिलाफ बीजेपी उग्र, पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी करवाएं सरकार
Himachal BJP: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना को लेकर लोगों में रोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज प्रदेशभर में बीजेपी पहलगाम आतंकी घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रही है और हिमाचल में वैध एवं अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत सरकार के आदेश के अनुरूप प्रदेश से निष्कासित करने की मांग कर रहे हैं। शिमला में बीजेपी ने पहलगाम आतंकी घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन किया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार से हिमाचल में रह रहे पाकिस्तान के नागरिकों को वापस भेजने की मांग की गई। बीजेपी ने घटना की निंदा की और आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस पाक नागरिकों को वापस भेजने पर गंभीर नहीं
इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानियों को वापस भेजने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के विरुद्ध तीव्र कूटनीतिक कदम उठाए हैं और सर्वदलीय बैठक बुलाकर पूरे देश को एकजुट किया है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट निर्णय लिया है कि भारत में अधिकृत अथवा अनधिकृत रूप से रह रहे किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को देश से बाहर निकाला जाएगा। इस निर्णय के बाद देश के कई राज्यों में ऐसे नागरिकों की पहचान कर उन्हें उनके देश भेजा जा रहा है।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार पूरी तरह मौन
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार पूरी तरह मौन है। ना कोई कार्रवाई ना कोई जांच। कांग्रेस सरकार प्रदेश में पाकिस्तान से आए हुए लोगों को संरक्षण दे रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए घातक है। आज बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किए हैं और सरकार से पाकिस्तान के नागरिकों को वापिस भेजने की मांग की जा रही है। बिंदल ने कहा कांग्रेस सरकार में आपसी गुटबाजी किसी से छुपी नहीं है संगठन में भी हाल ऐसे ही हैं। सरकार के भीतर खींचतान से आम जनता के विकास कार्य ठप्प पड़े हैं और लोग प्रभावित हो रहे हैं।
संजू चौधरी

