-
Advertisement
हिमाचल: फिल्मी स्टाइल में मुकेश अग्निहोत्री की जनसभा का टूटा मंच, कई लोगों को आई चोटें
ऊना। हिमाचल विधानसभा चुनाव (Himachal Vidhan Sabha) के लिए गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा से अपना नामांकन पत्र भरा। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जनता को संबोधित करने के लिए बनाया गया मंच टूट गया और धड़ाम से नीचे गिर (Broken Stage) गया।
यह भी पढ़ें:बीजेपी के पास जिताऊ उम्मीदवार नहीं इसलिए तोड़ा जा रहा कांग्रेस को: मुकेश अग्निहोत्री
जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri ) जनता को संबोधित कर रहे थे। हालांकि घटना के दौरान कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन जल्द ही सभी लोगों को टूटे हुए मंच से बाहर निकाला गया।

वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी जमीन पर खड़े होकर ही लोगों को संबोधित किया। घटना में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत कुछ लोग आंशिक रूप से घायल हुए, हालांकि नेता प्रतिपक्ष घटना के तुरंत बाद लोगों को संबोधित करने के लिए आगे आ गए, लेकिन घायलों को फौरन वाहनों में बिठाकर उपचार के लिए अस्पताल की तरफ ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार हरोली विधानसभा से विशाल रैली के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। एसडीएम हरोली के कार्यालय में नामांकन (Nomination) पत्र दाखिल करने के बाद नेता प्रतिपक्ष पास के ही एक मैदान में रैली को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे।

हालांकि मंच पर पहुंचकर मुकेश ने जनसभा को संबोधित करने की शुरुआत की थी उसी दौरान उनका मंच धड़ाम से नीचे आ गिरा। घटना में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत कुछ अन्य लोग भी घायल हुए।

बताया जा रहा है कि इस मंच पर 15 से 20 लोगों के भार की क्षमता थी, लेकिन जोश जोश में लोग मंच पर चढ़ते गए और भार अधिक होने के चलते यह मंच टूट गया। मंच टूटने के बाद मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंच टूट रहा था। धीरे धीरे एक्शन रीप्ले में टूटा, जिसके कारण किसी को चोट नहीं लगी। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार भी इसी तरह से धड़ाम होकर गिरेगी। इस बात को आप लोग याद रखना।
उन्होंने कहा कि इस सरकार के सिर्फ 25 दिन ही शेष बचे हैं। जनसभा को संबोधित करने के लिए आगे आए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली का विधायक इतना कमजोर नहीं कि मंच के टूटने से टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अभी मंच टूटा है ठीक 25 दिन के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार भी टूटेगी और धड़ाम से गिरेगी।
