- Advertisement

जाहलमा नाले में BRO की L&T मशीन बनी ‘संजीवनी’, ऐसे बचाई गंभीर मरीज की जान
Himachal News: जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पीति में नदी-नालों का रौद्र रूप लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बुधवार शाम जाहलमा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इस मुश्किल घड़ी में सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान और उनकी एलएनटी (L&T) मशीन बीमार महिला के लिए जीवनरक्षक साबित हुई।
उफनते नाले के बीच ऐसे बची जान
बुधवार शाम को जब जाहलमा नाले का पानी अचानक बढ़ गया, तो सुरक्षा के मद्देनजर बीआरओ (BRO) ने अस्थायी सड़क में डाले गए आरसीसी (RCC) पाइप और पैदल आवाजाही के लिए लगाए गए लोहे के गार्डर को हटा दिया था। इसके चलते नाले को पार करना पूरी तरह से असंभव हो गया।इसी बीच एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी सामने आई। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए बीआरओ के कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अपनी एलएनटी मशीन की मदद ली। जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बीमार महिला को मशीन के बकेट (बाल्टी) में सावधानीपूर्वक बिठाया और उफनते नाले को सुरक्षित पार कराया। नाले के दूसरी ओर पहले से ही एक एंबुलेंस तैयार खड़ी थी, जिसमें शिफ्ट कर मरीज को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रवाना कर दिया गया।
क्या थी मरीज की स्थिति?
शैनूर गांव की रहने वाली शांति देवी का इलाज सिविल अस्पताल उदयपुर में चल रहा था। उदयपुर अस्पताल में तैनात डॉ. हिमेश ठाकुर ने बताया कि शांति देवी छाती में गंभीर संक्रमण और सांस लेने में भारी तकलीफ से पीड़ित थीं। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए ही उन्हें बेहतर और त्वरित इलाज के लिए कुल्लू रेफर किया गया था।पहाड़ों पर कुदरत की इस चुनौती के बीच बीआरओ की यह त्वरित कार्रवाई एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश कर रही है।
इंद्रजीत

