-
Advertisement
ऊना में ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ की गूंज: सीएम सुक्खू की अगुवाई में निकली वॉकाथॉन, युवाओं ने ली नशे के खिलाफ शपथ
Anti-Chitta Walkathon: हिमाचल प्रदेश को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए ऊना जिले के इंदिरा गांधी खेल मैदान में आज जनसैलाब उमड़ पड़ा। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित ‘एंटी चिट्टा वॉकाथॉन’ में हजारों की तादाद में विद्यार्थियों, युवाओं और आम जनता ने हिस्सा लिया। ‘चूज लाइफ, नॉट चिट्टा’ के नारे के साथ आयोजित इस विशाल कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
40 डिग्री तापमान में भी कम नहीं हुआ ‘जेन जी’ और ‘जेन अल्फा’ का उत्साह
सुबह 9 बजे से ही इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में लोगों और स्कूली बच्चों का जुटना शुरू हो गया था। करीब 40 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को ‘जेन जी’ (Gen Z) और ‘जेन अल्फा’ (Gen Alpha) कहकर संबोधित किया और उनके जज्बे की जमकर सराहना की।सीएम सुक्खू ने इस आयोजन को अब तक का सबसे बड़ा जागरूकता अभियान बताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं है, बल्कि इसमें माता-पिता, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और जागरूक युवाओं का सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है।
इंदिरा स्टेडियम से आईएसबीटी तक पैदल यात्रा, दिलाई गई शपथ
यह वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से शुरू होकर आईएसबीटी (बस स्टैंड) ऊना तक पहुंची और फिर वापस खेल मैदान पर समाप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित हजारों लोगों और विद्यार्थियों को चिट्टा (हेरोइन) जैसे घातक नशे से दूर रहने और अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की शपथ दिलाई।
नेताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत, विकास योजनाओं की सौगात
ऊना पहुंचने पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, स्थानीय कांग्रेसी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। नशे के खिलाफ इस मेगा इवेंट के अलावा, मुख्यमंत्री आज ऊना दौरे के दौरान जिले को कई नई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास की सौगात भी देंगे।
सुनैना जसवाल
