-
Advertisement
जेपी नड्डा और सीआर पाटिल से मिले सीएम सुक्खू, हिमाचल के इन मुद्दों पर हुई चर्चा
CM Sukhu: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान वे केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। सीएम सुक्खू ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की और हिमाचल के प्रमुख मुद्दों को उठाया। सीएम सुक्खू ने जेपी नड्डा को हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सहायता के बारे में अवगत करवाया। बैठक के दौरान आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन और प्रगति व स्वास्थ्य अधोसंरचना के निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई।

योजनाओं के मानदंडों में ढील देने का आग्रह
सीएम सुक्खू ने कैंसर केयर सेंटर के लिए केंद्र से सहयोग तथा राज्य में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक और आधुनिक उपकरणों के लिए आग्रह किया। उन्होंने पहाड़ी राज्यों की कठिन भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के मानदंडों में ढील देने का भी आग्रह किया तथा लंबित धनराशि जारी करने की मांग की। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने राज्य को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

हिमाचल के अधिकारों और हितों को ध्यान रखने की बात कही
सीएम सुक्खू ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से किशाऊ बांध के वित्तपोषण सम्बंधी मुद्दे पर चर्चा की गई। सीएम ने किशाऊ जल विद्युत परियोजना में हिमाचल प्रदेश के अधिकारों और हितों को ध्यान में रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार अथवा किशाऊ परियोजना के मुख्य लाभार्थी राज्य दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को इस परियोजना की पूरी लागत वहन करनी चाहिए।
लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का आग्रह
सीएम ने इस बात पर बल दिया कि रेणुका बांध परियोजना में स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और निःशुल्क बिजली घटक के मामलों पर विचार किया जाना चाहिए। परियोजनाओं के महत्व को रेखाकिंत करते हुए उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परियोजनाओं के दृष्टिगत पर्यावरणीय और सामाजिक मूल्यों का भी ध्यान रखते हुए राज्य को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। सीएम ने केंद्रीय मंत्री से जल जीवन मिशन के तहत लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। सीआर पाटिल ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

