-
Advertisement
वॉकआउट पर CM सुक्खू का पलटवार: बोले- बीजेपी कार्यकाल के ‘भ्रष्टाचार’ की पोल खोलेगी व्हाइट पेपर कमेटी
CM Sukhwinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विपक्षी दल बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए गठित ‘व्हाइट पेपर कमेटी’ जल्द ही सारे तथ्य जनता के सामने लाएगी।
बिना मुद्दे की राजनीति कर रहा है विपक्ष
सीएम सुक्खू ने कहा कि बीजेपी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल राजनीतिक ड्रामा कर रही है। विधानसभा में रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा किए गए वॉकआउट को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान रोजगार पर लगभग आधे घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई थी। सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन इसके बावजूद बीजेपी विधायकों ने केवल हंगामा कर सदन से बाहर जाना चुना।
चर्चा से भाग रही है बीजेपी
सीएम ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष को अपनी बात रखने और सवाल पूछने का पर्याप्त अवसर दिया था। इसके बाद भी अतिरिक्त सवाल पूछने की जिद करना और फिर वॉकआउट कर जाना लोकतांत्रिक मर्यादा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि सदन में अभी स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर आगे चर्चा होनी है, लेकिन विपक्ष गंभीर मुद्दों पर बहस करने के बजाय वॉकआउट का रास्ता चुन रहा है।सुक्खू ने यह स्पष्ट किया कि सत्ता पक्ष किसी भी मुद्दे पर चर्चा से पीछे नहीं हटेगा और विपक्ष के हर सवाल का करारा और तथ्यपरक जवाब देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संजू चौधरी
