-
Advertisement
हिमाचल में रसोई गैस सिलेंडरों की समस्या के लिए शिकायत करें टोल फ्री नंबर 1967 पर
Himachal News: हिमाचल में भी घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग को लेकर सरकार अलर्ट मोड पर है। आम लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। रसोई गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी परेशानी या शिकायत के लिए लोग टोल-फ्री नंबर 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक कुमुद सिंह की अध्यक्षता में शिमला में हुई एक समीक्षा बैठक के दौरान यह नंबर जारी किया गया। विभाग का ये कदम संभावित कालाबाजारी पर लगाम लगाने के साथ आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की कृत्रिम कमी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2007 निरीक्षण किए, 85 सिलेंडर जब्त किये
निदेशक कुमुद सिंह ने कहा कि गैस सिलेंडरों की प्राप्ति और वितरण पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग न हो इसके लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। मार्च व अप्रैल, 2026 में घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए 2007 निरीक्षण किए गए तथा 85 सिलेंडर जब्त किये गये हैं। इस अवधि में पेट्रोल व डीजल की जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए 187 निरीक्षण किए गए। सीमावर्ती जिलों में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों को 5 किलो ग्राम सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर ऑनलाइन बुकिंग तथा ओटीपी के माध्यम से उपलब्ध करवाए जा रहे हैं ताकि सभी पात्र उपभोक्ता गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकें और अनावश्यक जमाखोरी रोकी जा सके। घरेलू गैस सिलेंडरों की लगातार प्राप्ति हो रही है तथा प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 1967 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

