- Advertisement -
शिमला। कांग्रेस (Congress) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सापरा (Charan Singh Sapra) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला (Shimla) पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने बीजेपी सरकार को जमकर कोसा। लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Khiri) में किसानों की निर्मम हत्या को लेकर उन्होंने गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्त करने की मांग की।
चरण सिंह सापरा ने शिमला में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि यूपी में बीजेपी (BJP) के मंत्री के बेटे ने किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ाई, लेकिन सरकार और प्रशासन कार्रवाई के बजाए गुनहगार बाप-बेटे को बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि चश्मदीद के अनुसार एक किसान की गोली लगने से भी मौत हुई थी, लेकिन अभी तक गोलीकांड के आरोपी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं, जब विपक्ष के नेता यूपी में परिवार से मिलने निकले तो उन्हें बीच रास्ते रोका गया। प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को 48 घंटे से ज्यादा हिरासत में रखा गया। उन्होंने कहा कि सत्ता और बाहुबल का प्रयोग कर गुनहगारों को बचाया गया है।
चरण सिंह सापरा ने कहा कि पूरे देश मे बीजेपी के नेताओं के लिए अलग और आम जनता के लिए अलग कानून लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में अंधा कानून चल रहा है। उन्होंने मांग की मंत्री के बेटे को हिरासत में लिया जाए और गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा को पद से इस्तीफा देना चाहिए। सापरा ने कहा कि राम राज्य की बात करने वाले लोग खुद यमराज बनकर लखीमपुर में उतरे है। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति जो तस्करी करता है, गुंडा है , उसे मोदी ने गृह राज्य मंत्री बनाया है।
किसानों के कुचले जाने पर उन्होंने कहा कि मोदी धृत राष्ट्र की भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक घाटा लगातार जारी है। ऐमज़ॉन ने 8546 करोड़ रुपए भारत सरकार को लीगल फीस दी है, यह किस बात के लिए दी है इसकी कोई पुख्ता जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इसमें घोटाला हुआ है। कंपनी ने यह रकम देकर नियमों में क्या बदलाव करवाए हैं यह जानने का विषय है।
मोदी सरकार का न खाएंगे न खाने देंगे का नारा खोखला साबित हुआ है। आज मोदी सरकार खाएंगे, खिलाएंगे, लुटाएंगे की नीति पर काम कर रही है और पूरे देश को लूटा जा रहा है। 70 सालों में कांग्रेस ने जो बड़ी-बड़ी कंपनियां बनाई थी, वह सात सालों में लुटा दी गई। 70 सालों के जतन का 7 साल में पतन हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल डीजल के दाम में हर रोज बढ़ रहे हैं। पैट्रोल 100 के पार हो गया है। सिलेंडर 1000 का आंकड़ा छू गया है। महंगाई से आम जनता परेशान है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार मूकदर्शक बन गई है। चुनावों में जनता इन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी।
- Advertisement -