- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं साथ ही मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच शिमला जिला (Shimla District) में एक कोरोना पॉजिटिव महिला के सुसाइड का मामला सामने आया है। मामला दीन दयाल उपाध्याय जोनल हॉस्पिटल शिमला का है। चौपाल निवासी 54 वर्षीय महिला की रिपोर्ट 18 सितंबर को पॉजिटिव आई थी जिसके बाद उसे दीन दयाल उपाध्याय जोनल हॉस्पिटल ( DDU hospital) रेफर किया गया था। महिला यहां पर कोविड वार्ड में उपचाराधीन थी। मामले की पुष्टि एसपी शिमला मोहित चावला ने की है।
बीती रात करीब 12 बजे महिला ने अस्पताल की गैलरी में फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। जैसे ही अस्पताल के स्टाफ को इसकी जानकारी मिली वहां हड़कंप मच गया। शव को नीचे उतारा गया और महिला के परिजनों को सूचित किया गया। वहीं, महिला के बेटे ने अस्पताल प्रशासन व डॉक्टरों की लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि वह ब्लड प्रेशर से पीड़ित थी जबसे वह अस्पताल में एडमिट हुई उन्हें दवाईयां नहीं दी जा रही थीं और ना ही कोई डॉक्टर इलाज कर रहा था। महिला ने बेटे को इसकी जानकारी फोन पर दी थी कि उसे दवाई नहीं दी जा रही थी जिससे वह परेशान हो गई थी। एसपी मोहित चावला ने डीसी अमित कश्यप से बातचीत के बाद मामले में मजिस्ट्रेट जांच की बात कही है।
- Advertisement -