-
Advertisement
D.El.Ed. CET-2026: स्पोर्ट्स काउंसलिंग प्रक्रिया संपन्न, 46 खेल प्रतिभाएं पात्र घोषित
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के नेतृत्व में D.El.Ed. CET-2026 (सत्र 2026-2028) की स्पोर्ट्स काउंसलिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। बोर्ड अध्यक्ष ने घोषणा की कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी’ (Distinguished Sports Person Category) के अंतर्गत 46 अभ्यर्थियों को पात्र पाया गया है। इन अभ्यर्थियों को नियमानुसार खेलकूद के अंकों का सीधा लाभ मिलेगा।बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में 5 और 6 अगस्त 2026 को आयोजित इस सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन प्रक्रिया के लिए कुल 85 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 61 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया, जबकि 24 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दस्तावेजों की जांच के बाद 61 में से 46 अभ्यर्थियों को स्पोर्ट्स कोटे के लिए पूर्ण रूप से योग्य पाया गया।
अनुपस्थित व अयोग्य अभ्यर्थी मेन कैटेगरी में शिफ्ट
नियमों की निष्पक्षता पर जोर देते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि वैध खेल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत न करने वाले और काउंसलिंग से अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की स्पोर्ट्स कोटे की पात्रता समाप्त कर दी गई है। इन कुल 39 अभ्यर्थियों को ‘मेन कैटेगरी’ में शिफ्ट कर दिया गया है।मेन कैटेगरी में शामिल 39 अभ्यर्थियों में से निर्धारित पासिंग क्राइटेरिया के आधार पर 17 अभ्यर्थी उत्तीर्ण तथा 22 अनुत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। बोर्ड ने इन सभी अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम और मेरिट सूची जारी कर दी है।
युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा, “शिक्षा के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार एवं हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। हम ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से D.El.Ed. (सत्र 2026-2028) के सीट आवंटन (Seat Allotment) और आगामी काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से चेक करने का आग्रह किया है। अगले चरण की तिथियां जल्द ही जारी की जाएंगी।
अमित महाजन
