-
Advertisement
राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका, चेक बाउंस मामले में 3 महीने जेल की सजा बरकरार
Actor Rajpal Yadav: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव के लिए साल 2026 मुश्किलों भरा साबित हो रहा है। अपनी पर्सनल लाइफ और कानूनी पचड़ों में फंसे राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से एक और बहुत बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने चेक बाउंस से जुड़े पुराने मामलों में अभिनेता को राहत देने से साफ इनकार करते हुए उनकी 3 महीने की जेल की सजा को बरकरार रखा है। यह फैसला मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से दायर याचिका पर आया है।
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की सख्त टिप्पणी
इस मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि राजपाल यादव को अपनी वित्तीय देनदारियां और वादे पूरे करने के लिए कई बार पर्याप्त मौके दिए गए थे, लेकिन वे हर बार ऐसा करने में पूरी तरह नाकाम रहे।अदालत ने राजपाल यादव के खिलाफ दर्ज 7 अलग-अलग मामलों में से प्रत्येक के लिए 3 महीने की साधारण कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही, उन्हें हर मामले में 1.05 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना भरने का भी आदेश दिया गया है। हालांकि, राहत की बात केवल इतनी है कि ये सभी सजाएं एक साथ (Concurrently) चलेंगी।
कानूनी विवाद साल 2010 से जुड़ा
:फिल्म निर्माण के लिए लिया था लोन: साल 2010 में राजपाल यादव ने ‘अता पता लापता’ नाम से एक फिल्म बनाई थी। इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने ‘मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था।
यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई, जिसके कारण राजपाल यादव लोन की रकम समय पर नहीं चुका सके। समय के साथ ब्याज जुड़ने के बाद यह राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस बकाया रकम को चुकाने के लिए राजपाल यादव ने जो चेक प्रोडक्शन कंपनी को दिए, वे बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद कंपनी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
13 दिन जेल में बिताने के बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिली
साल 2026 की शुरुआत से ही इस केस में राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ती चली गईं। फरवरी 2026 में कोर्ट ने उन्हें बकाया राशि चुकाने की आखिरी मोहलत दी थी। चर्चा है कि इस संकट की घड़ी में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों जैसे सलमान खान और सोनू सूद ने भी उनकी आर्थिक मदद करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद पूरी रकम का भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद अभिनेता को जेल जाना पड़ा था। करीब 13 दिन जेल में बिताने के बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन अब हाई कोर्ट के इस ताजा फैसले ने उनकी मुश्किलों को फिर से बढ़ा दिया है।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

