-
Advertisement
TGT बनाम B.Ed. विवाद पर बोले शिक्षा मंत्री: कोर्ट का फैसला आने पर करेंगे विचार
शिमला। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद हिमाचल प्रदेश में छिड़े TGT बनाम B.Ed. विवाद (TGT vs B.Ed. Dispute in Himachal Pradesh) पर मंगलवार को राज्य के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन (Pending in Court) है। कोर्ट का फैसला आने के बाद ही सरकार बीएड शिक्षकों (B.Ed. Teachers) को हटाने पर विचार करेगी। अगस्त में स्कूलों के शेड्यूल बदलने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस पर विचार-विमर्श के बाद ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा विभाग में खाली पड़े 6000 से ज्यादा खाली पदों को भरने की है।
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में JBT पदों पर लगे 231 शिक्षकों (B.Ed.) को नौकरी से हटाने की मांग को लेकर पिछले दिनों जेबीटी यूनियन ने यहां राज्य सचिवालय में मांग पत्र दिया था। यूनियन की मांग थी कि आगामी 1 सितंबर को प्रदेश हाईकोर्ट में दायर होने वाले रिव्यू पिटीशन में राज्य सरकार उनका पक्ष ले। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े:सुक्खू सरकार नर्सिंग ऑफिसर के 700 पदों पर जल्द करेगी भर्ती: धनीराम शांडिल
सुप्रीम कोर्ट का आदेश जेबीटी के पक्ष में
बीते दिनों में सुप्रीम कोर्ट ने JBT पदों पर B.Ed. डिग्रीधारकों को लगाने के नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (NCTE) के आदेशों को खारिज कर दिया था। इस निर्णय के बाद प्रदेश में JBT प्रशिक्षण प्राप्त बेरोजगारों ने राहत की सांस ली है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मामला अभी न्यायालय में है। ऐसे में कोर्ट के फैसले के बाद ही बीएड शिक्षकों को हटाने का सरकार फैसला करेगी।
नौकरी पर रखना या हटाना कोर्ट तय करेगा
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि किसी को नौकरी पर लगाना या हटाना कोर्ट के ऑर्डर के हिसाब से होगा। मगर, उनकी प्राथमिकता शिक्षा विभाग में 6000 से ज्यादा पदों को भरने की है। नया चयन आयोग गठित होते ही शिक्षा विभाग की भर्तियां शुरू की जाएगी। कैबिनेट ने पहले ही इन पदों को भरने की मंजूरी दे दी है।
बेहतर काम करने वाले शिक्षकों का होगा सम्मान
शिक्षा विभाग के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ शिक्षक हैं। ऐसे में सरकार 5 सितंबर को मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस पर प्रदेश में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक दुर्गम इलाकों में निस्वार्थ भाव से सेवा देते हैं। ऐसे में योग्यताओं के आधार पर शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
बच्चों के हित में लेंगे फैसला: रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि अगस्त के महीने में बरसात का प्रकोप (Heavy Rain During August) ज्यादा देखने को मिलता है। ऐसे में ऐसा विचार किया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टियां भी अगस्त के महीने में हों। मगर इसको लेकर कोई भी फैसला प्रदेश की परस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के बच्चों के हित में और विचार-विमर्श करने के बाद ही लिया जाएगा।

