- Advertisement

हमीरपुर में रिश्तों का क#त्ल: शराब के नशे में धुत बेटे ने 65 साल के बुजुर्ग पिता को उतारा मौ#त के घाट
Hamirpur Murder: हमीरपुर जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के तहत बड़ैहर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपने ही 65 वर्षीय बुजुर्ग पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रात 11 बजे हुआ खूनी विवाद
पुलिस के अनुसार, यह वारदात बुधवार रात करीब 11:15 बजे की है। बड़ैहर गांव में पिता रत्न चंद और उनके बेटे के बीच किसी बात को लेकर अचानक कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस को आशंका है कि घटना के वक्त पिता-पुत्र दोनों ही शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर अपने बुजुर्ग पिता पर मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले के कारण रत्न चंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
घर के भीतर से आ रहे शोर और चीख-पुकार को सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की स्थिति देखकर बिना समय गंवाए तत्काल भोरंज थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल रत्न चंद को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि, रत्न चंद ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
आरोपी बेटा गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने बुजुर्ग के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, भोरंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
अशोक राणा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

