-
Advertisement
हिमाचल में तड़के डोली धरती: शिमला समेत 5 जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके, दहशत में घरों से निकले लोग
Earthquake in Himachal: हिमाचल प्रदेश में तड़के अचानक आए भूकंप से लोग सहम गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह 5:46 बजे महसूस किए गए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई है।
शिमला से 66 किमी दूर था केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र शिमला से लगभग 66 किलोमीटर दूर पूर्व-दक्षिण दिशा (जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के पास) में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। झटके करीब 3 सेकेंड तक महसूस किए गए, जिससे घबराकर लोग तुरंत अपने घरों से निकलकर सुरक्षित और खुले स्थानों की ओर भागे।

इन जिलों में महसूस हुई कंपन, जान-माल का नुकसान नहीं
शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिलों में भी तेज कंपन दर्ज की गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या संपत्ति की क्षति की सूचना नहीं मिली है। कंपन थमने के बाद ही लोग वापस अपने घरों में लौटे।
उच्च जोखिम वाले ज़ोन में आता है हिमाचल
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश भूकंपीय दृष्टिकोण से काफी संवेदनशील राज्य माना जाता है, जिसके कई हिस्से बेहद संवेदनशील ‘ज़ोन-4’ और ‘ज़ोन-5’ के अंतर्गत आते हैं। भू-वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के मुताबिक, 5.0 से कम तीव्रता वाले भूकंपों से आमतौर पर व्यापक नुकसान का खतरा कम रहता है, हालांकि भूकंप की गहराई और क्षेत्र की बनावट के आधार पर प्रभाव भिन्न हो सकता है।
– जीवन कुमार
