-
Advertisement
शिमला में छात्रों को राहत: निजी स्कूलों के लिए चार्टेड एचआरटीसी बसों का किराया घटाया
HRTC Bus Fare: सरकार ने राजधानी शिमला के निजी स्कूलों के बच्चों के राहत दी है। निजी स्कूलों के लिए चलाई जा रही एचआरटीसी की चार्टेड बसों का किराया कम किया गया है। शिमला के निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने आज डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर उन्हें हाल ही में बढ़ाए गए बस पास किराए सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया।
राहत देने के लिए तीन स्लैब बनाए
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने बताया कि पहले बस पास किराए के लिए दो स्लैब थे, जिसमें 0 से 5 किलोमीटर के लिए 1800 रुपये और 5 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 2500 रुपये थे। उन्होंने कहा कि अब शिमला शहर के निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को राहत देने के लिए तीन स्लैब बनाए गए हैं। पहले स्लैब के तहत 0 से 6 किलोमीटर की दूरी के लिए किराया 600 रुपये घटाकर 1200 रुपये कर दिया गया है। पहले स्लैब के तहत दूरी में एक किलोमीटर की वृद्धि की गई है, जो पहले 0 से 5 किलोमीटर थी। दूसरे स्लैब के तहत 6 से 12 किलोमीटर की दूरी के लिए किराया 700 रुपये घटाकर 1800 रुपये तय किया गया है, जबकि तीसरे स्लैब के तहत अब 12 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए बस पास का किराया 2000 रुपये होगा।
अभिभावकों की सुविधा के लिए
डिप्टी सीएम ने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही विद्यार्थियों के लिए बस पास की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि अभिभावकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम जन कल्याण की भावना से प्रदेश में सेवाएं प्रदान कर रहा है और यह निर्णय उसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल, निगम के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।
संजू चौधरी

