-
Advertisement
हिमाचल: दो दिन में FCI ने खरीदी 500 क्विंटल से अधिक धान
Last Updated on October 16, 2021 by saroj patrwal
ऊना। हिमाचल (Himachal) के ऊना में पहली बार भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा धान की खरीद के लिए खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां 15 अक्टूबर से धान की फसल की खरीद शुरू हुई है। महज दो दिनों में जिला के किसानों ने भारतीय खाद्य निगम को 500 क्विंटल से ज्यादा धान की फसल बेची है। कोविड 19 के चलते सरकार द्वारा स्लॉट बुकिंग के बाद ही किसान को मंडी बुलाया जा रहा है। जिसके चलते रोजाना 25 किसान टकारला मंडी में स्थापित धान खरीद केंद्र में पहुंच रहे हैं। इससे पहले ऊना में गेंहूं की भी रिकॉर्ड खरीददारी भारतीय खाद्य निगम द्वारा की गई थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल उपचुनाव: फतेहपुर में BJP का कड़ा एक्शन, पार्टी विरोधी काम के चलते 3 कार्यकर्ता 6 साल के लिए निलंबित
दो दिनों में 500 क्विंटल धान बिकी
गौरतलब है कि पंजाब (Punjab) में बाहरी राज्यों के किसानों से धान की फसल खरीदने पर प्रतिबंध लगाने के बाद हिमाचल सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से ऊना में धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। 15 अक्टूबर से टकारला मंडी में धान की खरीद शुरू कर दी गई है, जबकि सरकार ने हरोली उपमंडल के टाहलीवाल में भी धान खरीद केंद्र स्थापित करने को मंजूरी प्रदान कर दी है।
फिलहाल टकारला मंडी में तो धान की खरीद शुरू हो गई है और जल्द ही टाहलीवाल में भी किसानों को अपनी धान भारतीय खाद्य निगम को बेचने की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। 15 अक्टूबर को भारतीय खाद्य निगम ने 302 क्विंटल 62 किलो धान खरीदी थी, जबकि आज भी 200 क्विंटल के करीब धान खरीदी जा चुकी है। भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी विकास काले ने बताया कि किसानों से गुणवत्ता के आधार पर और सरकार द्वारा तय दामों पर ही धान की फसल खरीदी जा रही है।
जिले में धान की खरीद होने से किसान खुश
जिले में ही अपनी फसल भारतीय खाद्य निगम द्वारा खरीदे जाने को लेकर किसान भी खासे उत्साहित हैं। किसानों की माने तो इससे पहले उन्हें अपनी धान की फसल बेचने के लिए पंजाब का रूख करना पड़ता था। उसके लिए भारी भरकम भाड़ा भी चुकाना पड़ता था, लेकिन सरकार द्वारा ऊना में ही धान खरीद केंद्र स्थापित करने से किसानों को खासा लाभ हो रहा है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page