-
Advertisement
बरोटीवाला में ₹1 लाख रिश्वत लेते महिला पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस का बड़ा एक्शन
Himachal News:_ हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी राजस्व से जुड़ा काम करने के एवज में एक लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए महिला पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए रिश्वत की पूरी रकम भी मौके से जब्त कर ली है।
शिकायत के बाद बिछाया गया ‘ट्रैप’
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि महिला पटवारी राजस्व संबंधी काम पूरा करने के बदले उससे भारी रिश्वत मांग रही है। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस अधिकारियों ने रणनीति बनाकर ट्रैप लगाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पटवारी को तय रकम सौंपी, पहले से सतर्क विजिलेंस टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
जांच में जुटी टीम, कई खुलासे होने की उम्मीद
आरोपी महिला पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विजिलेंस टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत किस खास काम के बदले मांगी गई थी और उसकी तैनाती किस पटवार सर्कल में थी। साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस लेन-देन में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था।
राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
महिला पटवारी की इस अचानक गिरफ्तारी के बाद इलाके के राजस्व विभाग और संबंधित सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है और जांच आगे बढ़ने के साथ कई और तथ्य सामने आ सकते हैं।
नरेंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
