- Advertisement -
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के ठेरु सुनेट में मंगलवार को एक साथ पति-पत्नी की चिताएं जलाई गई। दोनों का शव 28 नवंबर को जबलपुर में जैक राइफल्स (Jammu and Kashmir Rifles) के फैमिली क्वार्टर में फंदे से झूलता हुआ मिला था। वहीं, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों शव जबलपुर से पैतृक गांव ठेरु सुनेट पहुंचाए गए, जहां पर फिर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि जैक राइफल्स में राइफलमैन (rifleman) पंकज सिंह (28) की पिछले साल 25 नवंबर को सुनीता सिंह के साथ शादी हुई थी। करीब 6 महीने पहले पकंज अपनी पत्नी को भी अपने साथ जबलपुर ले आए थे। बताया जा रहा है कि मृतका गर्भवती थी। आर्मी सूत्रों ने बताया था कि शनिवार रात करीब 10.30 बजे दोनों में किसी बात को लेकर काफी बहस हुई थी, जिसके बाद सुनीता ने बेडरूम में फांसी लगा ली थी। वहीं, उसे फांसी पर लटकता हुए देख पंकज ने भी बरामदे में खुद को फांसी लगा दी थी। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सेना के सूबेदार ने कैंट थाने में इस बाबत सूचित कर दिया था। जिसके बाद कैंट थाना प्रभारी और एफएसएल अधिकारी ने तुरंत मौके का जायजा लिया और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने जांच के आदेश जारी कर दिए थे। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि पति-पत्नी के बीच रिश्तों में खटास थी। कैंट पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा मरचूरी में रखवा दिए थे। शवों को रविवार शाम 6 बजे तक परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था। वहीं, मंगलवार को अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और जबलपुर से आए सेना के जवान उपस्थित रहे।
- Advertisement -