-
Advertisement
Himachal: इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ अग्नि संयंत्र और सोलर लाइटें भी बेचेगा खाद्य आपूर्ति निगम
Last Updated on July 3, 2021 by Sintu Kumar
शिमला। हिमाचल में खाद्य आपूर्ति निगम अब इलेक्ट्रिक वाहन, सैनिटाइजर मशीनें, अग्नि संयंत्र और सोलर लाइटें भी बेचेगा। इसके लिए खाद्य आपूर्ति निगम और केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के बीच एमओयू साइन (MOU Sign) किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों (Electric Vehicles) के लिए चार्जिंग स्टेशन भी खोले जाएंगे। इसके साथ ही निगम के डिपो में धूप और अगरबत्ती भी बेची जाएंगी। मजे की बात यह है कि यह सारा सामान बाजार मूल्य से सस्ता होगा। यह जानकारी शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग (Food Supplies Minister Rajendra Garg) ने निगम अधिकारियों की रिव्यू बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत उत्पादों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और उचित उत्पाद दरें रखने के साथ-साथ निगम का कारोबार बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: आज फिर बढ़े पेट्रोल के दाम, जानिए आपके शहर में क्या है नई कीमत
राजिंद्र गर्ग ने निगम के अधिकारियों को नागरिक आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए और कहा कि परिचालन लागत को कम करने के लिए रणनीति तैयार की जानी चाहिए, ताकि निगम लाभ अर्जित करने वाली संस्था बन सके। उन्होंने मांग आदेश समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये ताकि हर माह की 10 तारीख तक राज्य के गोदामों में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिक से अधिक अस्पतालों में नागरिक आपूर्ति की नई दुकानें खोलने के भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब खाद्य आपूर्ति निगम (Food Supply Corporation) आय साधन विकसित करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन (बाइक, छोटी गाड़ियां) बेचेगा। इसके लिए निगम कंपनियों के साथ संपर्क बनाएगा। सरकारी विभागों के अलावा लोगों को यह गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएगी। यह गाड़ियां बाजार मूल्य की अपेक्षा सस्ते दामों में उपलब्ध करवाई जाएंगी। बैठक में खाद्य आपूर्ति निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group