-
Advertisement
हिमाचल की निजी बस यूपी में बीच सड़क पलटी, चार की गई जान, 17 घायल
शिमला / मुरादाबाद। हिमाचल की एक निजी यात्री बस (Private Passenger Bus) उत्तरप्रदेश के मुरादाबाद में एक खड़ी पिकअप से टकराकर बीच सड़क पलट गई। इस हादसे में एक सिपाही सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 17 लोग इस हादसे में घायल (Injured) हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा आज यानी सोमवार सुबह के समय दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पाकबड़ा क्षेत्र में हुआ। वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क पर चेकिंग कर रहा पुलिस दल भी मौके से फरार हो गया है।
यह भी पढ़ें: कुल्लू : बेरहमी से पिटाई कर ली पत्नी की जान, डीपीआरओ ऑफिस में काम करता है आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह हाई-वे पर एक इनोवा कार में कुछ पुलिस कर्मी (Police Team) आए और चेकिंग करने लगे। इसी दौरान एक पिकअप को चेक करने के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। तभी हिमाचल नंबर की एक निजी बस आई। उसे रुकवाने दो पुलिस कर्मी दौड़े। अचानक सामने आए पुलिस कर्मियों को देखकर चालक का बस (Bus Driver) से नियंत्रण हटा और वह पिकअप से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद आस पास के ग्रामीण और खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच पुलिस को भी सूचित किया गया। सूचना मिलने पर पाकबड़ा और मझोला थाने की पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में सिपाही समेत चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सड़क पर वाहनों की चेकिंग करने वाली पुलिस टीम कौन थी और कहां से आई थी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


