-
Advertisement
गोहर के रक्षित ने रचा इतिहास: बने इलाके के पहले पायलट, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले ‘विंग्स’
Himachal News: “कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मंडी जिले के गोहर के रहने वाले होनहार युवा रक्षित गुप्ता ने….मंडी जिले के गोहर उपमंडल के लिए 13 जून 2026 का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण साबित हुआ है। क्षेत्र के होनहार युवा रक्षित गुप्ता ने अपनी नेवल एविएशन ट्रेनिंग (Naval Aviation Training) सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इसके साथ ही उन्होंने गोहर उपमंडल के पहले पायलट बनने का गौरव हासिल कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे गोहर क्षेत्र और मंडी जिले में खुशी की लहर है।
रक्षा मंत्री ने पहनाए प्रतिष्ठित ‘विंग्स‘
हैदराबाद स्थित एयर फोर्स अकादमी (AFA) में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड और विंग्स सेरेमनी के दौरान भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षित गुप्ता को प्रतिष्ठित ‘विंग्स’ प्रदान किए। सेना में यह सम्मान किसी भी पायलट के लिए उसकी वर्षों की कठिन मेहनत, अटूट समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता है।
परिवार का संघर्ष और दादा का सपना हुआ पूरा
रक्षित की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके माता-पिता, उमेश गुप्ता और नीलम गुप्ता का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन रहा है। परिवार की वर्षों की मेहनत ने आज आसमान की नई उड़ान भरी है। यह क्षण परिवार के लिए इसलिए भी अत्यधिक भावुक और विशेष है, क्योंकि रक्षित ने अपने स्वर्गीय दादा मुरारी लाल गुप्ता के उस अधूरे सपने को साकार कर दिया है, जो उन्होंने वर्षों पहले अपने पोते के लिए देखा था।”गोहर उपमंडल से पहली बार किसी युवा ने पायलट बनकर यह मुकाम हासिल किया है। रक्षित की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों और युवाओं के लिए एक बेहद प्रेरणादायक उदाहरण है।”
बधाइयों का लगा तांता
रक्षित गुप्ता की इस असाधारण उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और युवाओं ने उन्हें व उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है। स्थानीय लोगों ने रक्षित के उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना करते हुए इसे गोहर और पूरे मंडी जिले के लिए अत्यंत गर्व का क्षण बताया है।
संजीव कुमार

