- Advertisement

हिमाचल बीजेपी कोर ग्रुप बैठक: 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए हो रहा मंथन, बिंदल ने कांग्रेस को घेरा
Himachal BJP Core Group Meeting: हिमाचल बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक शिमला के चक्कर स्थित पार्टी मुख्यालय ‘दीप कमल’ में चल रही है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करना और एक मजबूत चुनावी रणनीति तैयार करना है। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल कर रहे हैं। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर सहित प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी विशेष रूप से शामिल हैं।
बूथ स्तर को मजबूत करने और आंदोलन पर चर्चा
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही, प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन करते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगामी कार्ययोजना तय की जा रही है। बीजेपी ने 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर पूरा फोकस कर दिया है।
डॉ. राजीव बिंदल का कांग्रेस पर पलटवार
बैठक शुरू होने से पहले मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, लेकिन अब वह राजनीतिक लाभ के लिए भगवान श्रीराम के प्रति दिखावे की आस्था रख रही है। बिंदल ने कांग्रेस की इस नीति को ‘अवसरवादी राजनीति’ करार देते हुए कहा कि जनता उनकी कथनी और करनी का अंतर भली-भांति समझती है।
मंदिर को राजनीतिक अखाड़ा बनाने की जरूरत नहीं
जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर पलटवार करते हुए कहा कि अच्छी बात है जो सीएमसनातन के विरुद्ध बयान देते थे आज वो सनातन की ओर लौट रहे हैं. जयराम ठाकुर ने सीएमऔर कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि मंदिर आस्था के लिए और श्रद्धा से जाएं, राजनीति के लिए मंदिर ना जाए तो बेहतर होगा। बीजेपी पर बयान बाजी करिए लेकिन श्री राम के मंदिर जाकर उसे राजनीतिक अखाड़ा बनाने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस पार्टी ने हिंदुओं अपमानित करने की कोई कमी नहीं छोड़ी
सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देर आए दुरुस्त आए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो कांग्रेस पार्टी राम के अस्तित्व को नहीं मानती थी, रामसेतु पर सवाल उठाती थी और अयोध्या में राम मंदिर बनने के पक्ष में नहीं थी, वो राम मंदिर जा रही है तो अच्छी बात है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इसमें हिंदुओं के पांच सौ वर्षो का संघर्ष तब पूरा हुआ जब बीजेपी कि केंद्र में सरकार बनी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में जीत के वक्त सीएम सुक्खू ने 97% हिंदू आबादी वाले राज्य में जीतने का बयान दिया था उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हिंदुओं अपमानित करने की कोई कमी नहीं छोड़ी और आज भी केवल राजनीति करने मंदिर पहुंचे हैं।
संजू चौधरी

