-
Advertisement
घरेलू कामगार महिलाओं को भी मिलेंगे 1500 रुपए, शर्तों के साथ अच्छे व्यवहार वाले कैदी होंगे रिलीज
Himachal Cabinet Meeting Decisions : शिमला। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) में महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं। कैबिनेट ने अहम फैसला लिया जिस के तहत दूसरे के घरों में काम करने वाली महिलाएं भी 1500 रुपए की मासिक पेंशन की हकदार होगी। इन महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना में शामिल करने को स्वीकृति प्रदान की गई। घरेलू सहायिका के रूप में न्यूनतम 100 दिन पूरे करने वाली महिलाएं और उनकी 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की बेटियां अब इस योजना के तहत लाभ के लिए पात्र होंगी और उन्हें पेंशन के रूप में 1500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। इस निर्णय से प्रदेश की सैकड़ों महिलाएं लाभान्वित होंगी।
कैदियों को कंडीशनल रिलीज करने की मंजूरी
हिमाचल की जेलों में बंद कैदियों को कंडीशनल रिलीज करने की मंजूरी प्रदान की। राज्य सरकार के पास जेलों में बंद अच्छे व्यवहार वाले कैदियों को रिलीज करने के लिए प्रस्ताव आए थे। शर्त यहरहेगी कि भविष्य में भी इस बात का ध्यान रखा जाए कि यदि कैदियों का व्यवहार जेल के छूटने के बाद गलत हो जाता है और वह गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल होता है, तो उसकी रिलीज को कैंसिल किया जाए।
फसलों के लिए एमएसपी में वृद्धि को मंजूरी
प्राकृतिक रूप से उगाई जाने वाली फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दी। प्राकृतिक रूप से उगाए गए गेहूं के लिए एमएसपी 40 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति किलोग्राम और मक्का के लिए 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक रूप से उगाई गई कच्ची हल्दी के लिए 90 रुपये प्रति किलोग्राम और चंबा जिले के पांगी ब्लॉक से जौ के लिए 60 रुपये प्रति किलोग्राम एमएसपी को मंजूरी दी। पांगी को राज्य का पहला प्राकृतिक खेती उप-मंडल घोषित करने का भी निर्णय लिया गया।
युवाओं के लिए 422 स्टेज कैरिज रूट आवंटित
राज्य के लोगों को कुशल परिवहन सेवाएं प्रदान करने और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निजी ऑपरेटरों के पक्ष में 422 स्टेज कैरिज रूट आवंटित करने को अपनी मंजूरी दी।
पार्किंग के लिए बेसमेंट फ्लोर
सड़क किनारे पार्किंग और भीड़भाड़ की समस्या के समाधान के लिए मंत्रिमंडल ने पार्किंग के लिए व्यवहार्य बंद बेसमेंट फ्लोर को खोलने को अपनी मंजूरी दी। यदि निर्दिष्ट पार्किंग फ्लोर का उपयोग पार्किंग के अलावा किसी अन्य उद्देश्य के लिए किया जाता है, तो संबंधित पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और उसे पार्किंग उद्देश्यों के लिए फ्लोर को बहाल करना होगा।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज 118 पद भरे जाएंगे
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों की स्थापना के साथ-साथ उनके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में 118 पदों के सृजन और भरने को मंजूरी दी। राज्य के विभिन्न कृषि विज्ञान केंद्रों के तहत विभिन्न तकनीकी रिक्तियों के 43 पदों को भरने का निर्णय लिया।
हमीरपुर जिले के सुजानपुर में जल शक्ति विभाग का एक नया प्रभाग खोलने का निर्णय लिया।
-संजू चौधरी

