-
Advertisement
Himachal Congress | Siyast | Rajya Sabha Elections |
हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के साथ प्रदेश की राजनीति फिर गरमा गई है। भाजपा वर्ष 2024 की तरह इस बार भी कांग्रेस प्रत्याशी तय होने के बाद अपना दांव खेलेगी। अगर कांग्रेस ने हिमाचल से बाहर का कोई चेहरा मैदान में उतारा, तो भाजपा चुनावी समीकरण को साधते हुए अपना उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को रोचक बनाने की तैयारी में है। भाजपा खेमे में इस बात पर विशेष नजर रखी जा रही है कि कांग्रेस स्थानीय चेहरा लाती है या बाहरी। यदि कांग्रेस ने प्रदेश से बाहर का उम्मीदवार घोषित किया तो इसे मुद्दा बनाकर भाजपा हिमाचल स्वाभिमान का कार्ड खेल खेलने की रणनीति पर काम करेगी। इसके तहत क्रॉस वोटिंग और असंतोष को हवा देने की कोशिश भी की जा सकती है। राजनीतिक हलकों में 2024 के राज्यसभा चुनाव का घटनाक्रम अभी भी चर्चा में है। उस चुनाव में 25 विधायक होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन ने जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया था। क्रॉस वोटिंग और रणनीतिक प्रबंधन ने तब चुनावी तस्वीर बदल दी थी। यही वजह है कि इस बार भी भाजपा किसी भी मौके को गंवाने के मूड में नहीं दिख रही। कांग्रेस नेतृत्व फिलहाल संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधते हुए नाम तय करने में जुटा है। कांग्रेस चाहती है कि ऐसा चेहरा सामने आए जो न केवल विधायकों को एकजुट रखे, बल्कि विपक्ष को कोई मौका भी न दे। अंदरखाने क्षेत्रीय और गुटीय संतुलन को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।
Tags
