-
Advertisement
हिमाचल को मिले दो केंद्रीय विद्यालय, पहला कोटखाई तो दूसरा पांवटा साहिब में खुलेगा
Himachal News: हिमाचल में दो नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। इनमें से एक शिमला जिले के कोटखाई व दूसरा सिरमौर के पांवटा साहिब में खोला जाना है। केंद्रीय आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति की ओर से हिमाचल में दो केंद्रीय विद्यालय खोलने की मंजूरी दी गई है।
देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनके बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए देश भर में सिविल क्षेत्र के अंतर्गत 57 नए केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलने को मंजूरी दे दी है, जिसमें से दो केंद्रीय विद्यालय हिमाचल को मिले है। 57 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए निधियों की कुल अनुमानित आवश्यकता 5862.55 करोड़ रुपये (लगभग) है, जो 2026-27 से नौ वर्षों की अवधि को कवर करती है। इसमें 2585.52 करोड़ रुपये (लगभग) का पूंजीगत व्यय और 3277.03 करोड़ रुपये (लगभग) का परिचालन व्यय शामिल है। उल्लेखनीय है कि पहली बार इन 57 केंद्रीय विद्यालयों को बाल वाटिका, यानी बुनियादी चरण (प्री-प्राइमरी) के 3 वर्षों के साथ मंजूरी दी गई है।
सुरेश कश्यप ने जताया आभार
शिमला संसदीय क्षेत्र के कोटखाई और पांवटा साहिब के लिए केंद्रीय विद्यालय की ऐतिहासिक सौगात देने के लिए सांसद सुरेश कश्यप ने पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया है।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
