-
Advertisement

हिमाचल की इस नगर निगम ने 5 प्रतिशत बढ़ाया हाउस टैक्स, इन लोगों को मिली छूट
मंडी। हिमाचल के मंडी शहर में नगर निगम (Mandi Municipal Corporation) ने शहर में हाउस टैक्स में पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। यह वृद्धि गुरुवार को नगर निगम की बैठक में मौजूद पार्षदों की सहमति से की गई है। इसके साथ मंडी शहर के चार जोन में से डी जोन में टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। इसके साथ ही नगर निगम ने डी जोन (D Zone) में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों से किसी प्रकार का टैक्स (Tax) नहीं लेने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें:हिमाचलः जेओए आईटी परीक्षा के एक और अभ्यर्थी पर केस, यह है बड़ी वजह
बैठक उपरांत जानकारी देते हुए नगर निगम मंडी की मेयर दिपाली जसवाल ने बताया कि कई वर्षों के बाद मंडी शहर के प्रापर्टी टैक्स के स्लैब में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मात्र पांच प्रतिशत की टैक्स में वृद्धि की गई है जो कि आने वाले समय में निगम के बढ़ते हुए खर्चों और विकास के लिए अधिक ग्रांट लेने के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में निगम करीब आठ हजार से ज्यादा हाउस होल्ड से वार्षिक कर वसूल करता है जिसमें 500 के करीब सरकारी दफ्तर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया निगम को बीते वर्ष टैक्स से करीब 2 करोड़ की आमदनी हुई और कुछ लोगों पर बकाया राशि भी है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने टैक्स नहीं दिया है उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं नगर निगम की मेयर ने बताया कि मंडी में काऊ सेंचुरी प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर का प्रपोज्ड प्रोजेक्ट है जिसे लेकर जिला प्रशासन अपने स्तर पर स्थान का चयन करने में लगा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंडी में काऊ सेंचुरी व डॉग केयर सेंटर (Cow Century & Dog Care Center) भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही दिपाली जसवाल ने बताया कि नगर निगम मंडी का नवनिर्मित भवन भी जल्द ही सीएम के हाथों लोगों को समर्पित किया जाएगा। वहीं, शहर की सड़कों के फुटपाथों की दयनीय स्थिति के सवाल पर मेयर ने बताया कि शहर में गलियों की सड़कों को छोड़कर बाकि सड़कें लोकनिर्माण विभाग (PWD) के अधीन हैं और विभाग ही इन्हें दुरूस्त करेगा। नगर निगम की इस हाउस टैक्स मिटिंग में निगम के डिप्टी मेयर विरेंद्र भट्ट सहित अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।