-
Advertisement
शिमला से वन्य प्राणी विंग ऑफिस धर्मशाला शिफ्ट, सरकार ने जारी की नोटिफिकेशन
Wildlife Wing Office Shifted: हिमाचल सरकार ने वन्य प्राणी विंग ऑफिस के मुख्य कार्यालय को शिमला से धर्मशाला शिफ्ट करने की अधिसूचना आज जारी कर दी है। बीते दिनों हुई कैबिनेट बैठक में इस आफिस को शिफ्ट करने की मंजूरी दी गई थी। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रधान मुख्य अरण्यपाल यानी पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) के कार्यालय को पीसीसीएफ (एचओएफएफ) टालैंड शिमला के कार्यालय से सीपीडी केएफडब्ल्यू परियोजना कार्यालय धर्मशाला के भवन में स्थानांतरित किया गया है। इन आदेशों के बाद पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) ऑफिस के लगभग 28 अधिकारी-कर्मचारी धर्मशाला शिफ्ट होंगे। अभी तक पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) ऑफिस टालैंड शिमला से चल रहा था।

शिमला से ऑफिस बाहर शिफ्ट करना चाहती है सरकार
आने वाले समय में राज्य सरकार कुछ और सरकारी दफ्तरों को भी कांगड़ा जिले में स्थानांतरित करने पर विचार कर रही है। राजधानी शिमला में ज्यादातर विभागों, बोर्ड व निगम के मुख्यालय है। इससे शिमला शहर पर आबादी का बोझ बढ़ता जा रहा है। इसे कम करने के लिए सरकार शिमला से कुछ ऑफिस बाहर शिफ्ट करना चाहती है। इससे पहले टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफिस भी धर्मशाला शिफ्ट करने का फैसला लिया गया। हालांकि इसे लेकर अंतिम फैसला कैबिनेट में होना है।
संजू चौधरी

