-
Advertisement
हिमाचल मानसून सत्र: वंदे मातरम् ना गाने पर विपक्ष का हंगामा, सदन की कार्यवाही एक दिन के लिए स्थगित
Himachal Monsoon Session: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बारहवां सत्र शुरू होते ही सत्तापक्ष और विपक्ष के भारी हंगामे की वजह से एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। मानसून सत्र का पहला ही दिन सियासी घमासान और नारेबाजी की भेंट चढ़ गया।
सदन की शुरुआत में वंदे मातरम् पर विवाद
विधानसभा की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई, लेकिन विपक्ष ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् ना गाए जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया। विपक्षी विधायकों ने सदन में इस मुद्दे पर जमकर हंगामा किया।विपक्ष के विरोध पर जवाब देते हुए स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में जो कानून बना है, वह विधानसभा पर लागू नहीं होता, बल्कि सरकारी संस्थाओं पर लागू होता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की स्थापित परंपरा के अनुसार सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से होती है और समापन वंदे मातरम् के साथ किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की नई परंपरा (प्रेसिडेंस) शुरू करना उचित नहीं है। अध्यक्ष ने कहा कि सदन का समापन होने पर राष्ट्रीय गीत गाया जाएगा। विपक्षी सदस्य इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने विरोध जारी रखा। नारेबाजी बढ़ने के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी।
कार्यवाही स्थगित और बाहर नारेबाजी
जब स्पीकर ने पूर्व विधायकों के निधन पर शोकोद्गार प्रकट करने की बात कही, तब भी हंगामा शांत नहीं हुआ। स्पीकर द्वारा कार्यवाही स्थगित करने की चेतावनी के बावजूद जब विपक्ष नहीं माना, तो सदन की कार्यवाही शनिवार सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन स्थगित होने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल नारेबाजी करते हुए बाहर आया। सत्तापक्ष के विधायकों ने विपक्ष पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया।
सत्र से पहले बीजेपी का प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही बीजेपी के विधायकों ने विधानसभा परिसर स्थित ‘विपक्ष लॉज’ के बाहर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।बीजेपी विधायक और नेता रणधीर शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ के खिलाफ किया जा रहा है। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए भाजपा विधायकों ने परिसर में नारेबाजी की और सरकार द्वारा चुनाव के दौरान 5 लाख रोजगार देने के वादे को पूरी तरह झूठा करार दिया।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
