-
Advertisement
हिमाचल नगर निगम चुनाव नतीजे: मंडी, धर्मशाला और सोलन में लहराया भगवा, पालमपुर ने बचाई कांग्रेस की लाज
Himachal MC Results: हिमाचल प्रदेश में चार प्रमुख नगर निगमों मंडी, धर्मशाला, सोलन और पालमपुर के चुनाव परिणाम सामने हैं। इन चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन नगर निगमों पर अपना कब्जा जमा लिया है। मंडी, धर्मशाला और सोलन में बीजेपी ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस केवल पालमपुर नगर निगम में अपनी सत्ता स्थापित करने में कामयाब रही है।

मंडी में बीजेपी का ‘क्लीन स्वीप’
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी में बीजेपी ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। 14 वार्डों वाले मंडी नगर निगम में बीजेपी ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 12 सीटों पर कब्जा जमाया है। कांग्रेस और निर्दलीय के खाते में केवल 1-1 सीट आई है। मंडी के खलियार वार्ड से कांग्रेस की असंतुष्ट अलकनंदा हांडा विजयी रहीं, जबकि वार्ड 4 से कांग्रेस की नर्मदा मोहन ने जीत दर्ज की। वहीं, बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष रणबीर सिंह और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के भतीजे परवीन ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा।

धर्मशाला में दिग्गज हुए पस्त
धर्मशाला नगर निगम में भी बीजेपी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। कुल 17 सीटों में से 11 पर जीत दर्ज कर बीजेपी ने मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पक्की कर ली है। यहां कांग्रेस को 5 और निर्दलीय को 1 सीट मिली है। इस चुनाव में कई बड़े उलटफेर हुए। धर्मशाला के पूर्व महापौर और उपमहापौर, जो इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे, दोनों को जनता ने नकार दिया। हालांकि, वार्ड 4 से कांग्रेस की पूर्व महापौर नीनू शर्मा 608 मत लेकर अपनी साख बचाने में कामयाब रहीं।

सोलन में कांटे की टक्कर के बाद बीजेपी की जीत
सोलन में शुरुआती मतगणना में कांग्रेस और बागियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः 17 में से 11 सीटों पर बीजेपी ने जीत का परचम लहराया। यहां कांग्रेस 5 और निर्दलीय 1 सीट जीतने में सफल रहे। चुनाव में सोलन की पूर्व बीजेपी उपमहापौर मीरा आनंद (वार्ड 13) और कांग्रेस की पूर्व महापौर पूनम ग्रोवर (वार्ड 8) को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
पालमपुर में कांग्रेस की ‘बल्ले-बल्ले’
पालमपुर नगर निगम में विधायक आशीष बुटेल की मेहनत रंग लाई और 15 सीटों में से कांग्रेस ने 11 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल कर बहुमत प्राप्त किया है। यहां बीजेपी केवल 4 सीटों पर सिमट कर रह गई। इस जीत के साथ ही पालमपुर में कांग्रेस का मेयर और डिप्टी मेयर बनना तय हो गया है। वार्ड 1 (लोहना) से कांग्रेस के इंद्रपाल और वार्ड 3 से रणजीत कौर ने बड़े अंतर से जीत हासिल की।
इन नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि शहरी क्षेत्रों में बीजेपी का संगठनात्मक ढांचा अभी भी बेहद मजबूत है। तीन बड़े नगर निगमों में हार प्रदेश की सत्ताधारी कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है, जिसके बाद पार्टी के भीतर हार के कारणों पर गहन मंथन होना तय है।
राहुल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

