- Advertisement

हिमाचल पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी विजय कुमार सस्पेंड, सोशल मीडिया से कमाई का आरोप
Himachal Police Band ‘Harmony of the Pines’: अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देश और दुनिया में हिमाचल पुलिस का नाम रोशन करने वाले मशहूर बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ (Harmony of the Pines) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बैंड के प्रभारी विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले में उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, विजय कुमार पर अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट से कमाई (Earning) करने का आरोप है। एक सरकारी अधिकारी होने के नाते इसे सरकारी नियमों का सीधा उल्लंघन माना गया है।
इस मामले में विजय कुमार के खिलाफ सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपा गया है।
जांच अधिकारी को तीन महीने के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
देश-विदेश में मशहूर है ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’
हिमाचल पुलिस का यह ऑर्केस्ट्रा बैंड अपनी अद्भुत प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक खास पहचान रखता है:
‘हुनरबाज’ से मिली राष्ट्रीय पहचान: यह बैंड 2022 में उस समय सुर्खियों में आया था, जब इसने एक निजी टीवी चैनल के टैलेंट शो ‘हुनरबाज’ में पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया था।
अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां: पुलिस बैंड ने फ्रांस, इटली, कनाडा, सिंगापुर और दुबई समेत कई देशों में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देश का मान बढ़ाया है।
पुलिस वेलफेयर फंड में जाती है आय: यह बैंड हिमाचल प्रदेश के लगभग हर बड़े सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहता है। इन कार्यक्रमों से होने वाली इनकम को पुलिस वेलफेयर फंड में जमा कराया जाता है।
संजू चौधरी

