-
Advertisement
हिमाचल नगर निकाय चुनावः 550 पोलिंग पार्टियां EVM के साथ रवाना, कल होगा मतदान
Himachal Urban Body Elections: हिमाचल में चार नगर निगमों समेत 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए 17 मई यानी रविवार को सुबह 7 से शाम 3 बजे तक ईवीएम का बटन दबाकर मतदान होगा। विधानसभा का सेमीफाइनल माने जा रहे इस चुनाव में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नतीजे मतदान के दिन ही शाम को आ जाएंगे जबकि नगर निगम के परिणाम 31 मई को आएंगे। इस मतदान के लिए 589 केंद्र बनाए गए हैं।करीब 550 पोलिंग पार्टियों को आखिरी प्रशिक्षण देकर ईवीएम के साथ रवाना कर दिया गया है।
कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार मैदान में
स्टेट इलेक्शन कमीशन के अनुसार 449 पदों के लिए शहरी निकायों में 3 लाख 60 हजार 8 सौ 59 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर 1147 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें से 10 पार्षद निर्विरोध चुन लिए गए हैं। नगर निकाय चुनाव में कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार मैदान में हैं। मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121 और ऊना में 118 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, सिरमौर में 84 और कुल्लू में 100 उम्मीदवार मैदान में हैं।
कांगड़ा में सबसे ज्यादा पार्षद
बिलासपुर जिला में कुल 34 पार्षद पदों के लिए चुने जाएंगे, चंबा में 27, हमीरपुर 16, कांगड़ा 80, कुल्लू 39, मंडी 65, शिमला 58, सोलन 49, सिरमौर 33 और ऊना जिला के निकायों में 48 पार्षदों पदों को चुनाव हो रहे हैं। इनमें चार नगर निगम में 64 पार्षद, नगर परिषद में 229 पार्षद और नगर पंचायतों में 156 पार्षद चुने जाने हैं।
यहां निर्विरोध चुने गए पार्षद
निर्वाचन आयोग के अनुसार- नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 1 व 3, नगर परिषद ज्वालामुखी के वार्ड नंबर 2, नगर पंचायत बंजार के वार्ड नंबर 6, नगर पंचायत रिवाल्सर के वार्ड नंबर 1, नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2, 3 और 4 तथा नगर पंचायत चिड़गांव के वार्ड नंबर 2 में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

