-
Advertisement
Himachal | Weather | Heavy Rains |
हिमाचल प्रदेश में आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर स्ट्रांग होकर बरसेगा। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कल और परसों 2 दिन तक भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान और आसमानी बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग ने कल रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट दिया है, जबकि सोमवार को कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला को ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों को येलो अलर्ट दिया गया है। इस दौरान लाहौल स्पीति और किन्नौर के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्का हिमपात भी हो सकता है। पहाड़ों पर इससे तापमान में और गिरावट आएगी। पांच से सात मई के बीच भी बारिश जारी रहेगी। आज भी कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है। मौसम में बदलाव के बाद आज तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी। राज्य के ज्यादातर भागों में पहले ही अधिकतम और न्यूनतम पारा सामान्य से नीचे गिरा हुआ है।

