- Advertisement

हिमाचल में दिल दहला देने वाली वारदात: नशे में धुत बेटे ने ली मां की जा#न
Himachal Murder: मंडी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी के गांव उवाह/गेहरी) में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 51 वर्षीय पार्वती के रूप में हुई है, जो शिमला स्थित राज्य सचिवालय में सेवारत थीं और कुछ समय के लिए अपने घर गेहरी आई हुई थीं। जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटा खेमाराम भी शिमला में ही नौकरी करता है।
कैसे हुआ यह खौफनाक हत्याकांड?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बीती रात 61 वर्षीय खूब राम (महिला के पति) और उनका बेटा खेमाराम एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बाप-बेटे के बीच तीखी बहसबाजी शुरू हो गई। विवाद को बढ़ता देख मां पार्वती बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचीं। लेकिन नशे में धुत बेटे का गुस्सा शांत होने के बजाय मां पर ही फूट पड़ा। गुस्से में अंधे हो चुके बेटे ने पास ही रखे एक डंडे से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर जोरदार प्रहार लगने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उनकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर की बीएसएल (BSL) कॉलोनी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। खूब राम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे खेमाराम को गिरफ्तार कर लिया है। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
संजीव कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

