- Advertisement

HPBOSE: पुनर्मूल्यांकन में अपात्र छात्रों को बोर्ड का ‘अंतिम मौका’, 25 जून तक जमा करें दस्तावेज
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) के तहत 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (जमा दो) की मार्च 2026 परीक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन में अपात्र (Not Eligible) करार दिए गए छात्रों को एक अंतिम संजीवनी दी है। जिन छात्रों के फॉर्म अधूरे पाए गए थे, वे अब 25 जून 2026 तक फीस जमा करने के प्रमाण और जरूरी दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में जमा करवा कर अपनी उम्मीदवारी बचा सकते हैं।
आवश्यक औपचारिकताएं अधूरी पाई गईं
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च में आयोजित परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों से पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जब बोर्ड द्वारा इन आवेदन पत्रों की बारीकी से जांच की गई, तो कुछ छात्रों के फॉर्म में आवश्यक औपचारिकताएं अधूरी पाई गईं। इस कारण इन आवेदनों को पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए अपात्र घोषित कर दिया गया।
कुल छह छात्रों के आवेदन पाए गए अधूरे
बोर्ड के अनुसार, औपचारिकताएं पूरी न करने वाले इन छात्रों में 12वीं (SOS) कक्षा के पांच और 10वीं (SOS) कक्षा का एक छात्र शामिल है। बोर्ड ने इन सभी छात्रों की विषयवार सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी है, ताकि छात्र अपनी स्थिति की जांच कर सकें।
25 जून के बाद नहीं सुना जाएगा कोई दावा
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि इन संबंधित छात्रों ने तय समय सीमा के भीतर पुनर्मूल्यांकन शुल्क जमा किया था, तो वे अब शुल्क अदायगी के प्रमाण सहित अपने सभी दस्तावेज 25 जून तक बोर्ड कार्यालय में हर हाल में प्रस्तुत करें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी दावे पर बोर्ड द्वारा कोई विचार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पुनर्मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारू ढंग से पूरा किया जा सके। अधिक जानकारी और किसी भी संशय के समाधान के लिए संबंधित छात्र सीधे बोर्ड कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।
अमित महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

