-
Advertisement
HPBOSE: 9वीं से 12वीं के छात्रों का ऑनलाइन पंजीकरण 8 से, 15 अक्टूबर अंतिम तिथि
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा सत्र 2026-27 के लिए बोर्ड से संबद्ध राजकीय एवं निजी विद्यालयों के कक्षा नवमीं, दसवीं, ग्यारहवीं एवं बारहवीं के नियमित परीक्षार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 08 सितंबर 2026 से शुरू की जा रही है।
पंजीकरण शुल्क 200 रुपये प्रति विद्यार्थी
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण की बिना विलंब शुल्क अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 500 रुपये प्रति विद्यार्थी विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण करवाने की अवधि 16 अक्टूबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक रहेगी। नियमित परीक्षार्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 200 रुपये प्रति विद्यार्थी निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि विद्यालयों को बोर्ड के School User Login पर उपलब्ध “Online Registration” विकल्प के माध्यम से पात्र परीक्षार्थियों का पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक जांचने के बाद ही दर्ज करें
डॉ. राजेश शर्मा ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों एवं कक्षा प्रभारियों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के दौरान विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, कक्षा एवं श्रेणी (Category) सहित सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक जांचने के बाद ही दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा असुविधा उत्पन्न न हो।
पंजीकरण समय पर सुनिश्चित किया जाए
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य और उनके शैक्षणिक हित बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। समय पर पंजीकरण होने से आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों एवं संचालन को भी सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी परीक्षार्थी का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा समय पर पंजीकरण न करवाने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/मुख्याध्यापक की होगी।डॉ. शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि “हर पात्र विद्यार्थी का पंजीकरण समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी प्रशासनिक लापरवाही अथवा देरी के कारण परीक्षा प्रक्रिया से प्रभावित न हो।”उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
अमित महाजन
