-
Advertisement
चामुंडा से वृंदावन जा रही एचआरटीसी बस पर हमला: बाइक सवारों ने मारे पत्थर ,ड्राइवर घायल
HRTC Bus Attacked: कांगड़ा के चामुंडा से मथुरा-वृंदावन जा रही एचआरटीसी की बस पर रात को शरारती तत्वों ने हमला कर दिया। यह बस बुधवार को वृंदावन के लिए शुरू की गई थी । रात 11 जब बस पंजाब नंगल के भानुपल्ली के पास पहुंची तो बाइक सवार तीन युवकों ने पत्थर मारे और मौके से फरार हो गए। इस हमले से बस का अगला शीशा टूट गया और ड्राइवर राजेश कुमार को हल्की चोटें आईं हैं।
हमला रात 11 बजकर 3 मिनट पर हुआ
घटना के बाद बस को करीब आधा घंटा भानुपल्ली के पास खड़ा रखा गया और पुलिस को शिकायत दी गई। उच्च अधिकारियों को भी सूचना दी गई जिसके बाद यह बस वृंदावन के लिए रवाना की गई। यह हमला रात 11 बजकर 3 मिनट पर हुआ।
क्षेत्रीय प्रबंधक ऊना को मौके पर भेजा
बता दें कि बुधवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने हरी झंडी दिखा कर एचआरटीसी की बस को रवाना किया था। हमले को लेकर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि घटना का पता चलते ही क्षेत्रीय प्रबंधक ऊना को मौके पर भेजा गया। विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।
पहले भी हो चुका है हमला
जाहिर है इससे पहले भी अप्रैल में हिमाचल की कई बसों को पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में खालिस्तानी समर्थकों ने निशाना बनाया था। इसके बाद कुछ दिन हिमाचल ने पंजाब में नाइट स्टे करने वाली बसों को बंद कर दिया था।
पंकज शर्मा

