-
Advertisement

हिमाचल में पहले दिन 1004 रूटों पर दौड़ेंगी बसें, सवारियों का रिस्पांस देख बढ़ाई जाएगी संख्या
शिमला। जयराम कैबिनेट (Cabinet) के फैसले के बाद सोमवार से हिमाचल के अंदर एचआरटीसी की बस (HRTC Bus) सेवा शुरू हो रही है। पहले दिन सोमवार से करीब 1004 रूटों पर बसें दौड़ाई जाएंगी। 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ हिमाचल में बसें चलेंगी। इसके बाद सवारियों का रिस्पांस देखकर एचआरटीसी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बता दें कि बीते शुक्रवार को सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के भीतर बसें चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए चालकों-परिचालकों से रविवार तक डिपो या अड्डा में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
यह भी पढ़ें: एचआरटीसी की नई बसों में सफर की करो तैयारी-निगम में भरे जाएंगे 890 पद
प्रदेश में चलाए जाने वाले रूटों के हिसाब से चालकों-परिचालकों (drivers-conductor) की रोटेशन में ड्यूटियां लगाई जाएगी। सोमवार सुबह से 24 घंटे निगम की बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। बसों में सवारियों की ऑक्यूपेंसी जांचने के लिए इंस्पेक्टर फील्ड में सेवाएं देंगे। बसों में मास्क पहनना अनिवार्य किया है। सवारियों के पास सैनिटाइजर होना जरूरी है। तीन लोगों वाली सीट पर दो और 2 वाली सीट पर एक सवारी बैठेगी। परिवहन निगम के जीएम (ट्रैफिक) पंकज सिंघल ने बताया कि सभी आरएम से फायदे वाले रूटों पर बसें चलाने के लिए कहा गया है। सवारियों (Passengers) की संख्या बढ़ने के साथ बसें भी बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि निजी ऑपरेटरों ने बसें नहीं चलाई तो निगम की और बसें चलाई जाएंगी। परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने बताया कि सोमवार से परिवहन सेवाएं शुरू की जा रही हैं। बाहरी राज्यों के लिए अभी बसें नहीं चलेंगी। परिवहन निगम पर कोरोना की बंदिशें लागू नहीं रहेंगी।
कहां, कितने रूटों पर चलेंगी बसें
शिमला में 225, मंडी 229 कांगड़ा 165, ऊना 25, सोलन 90, सिरमौर 80, बिलासपुर 30, कुल्लू 40, हमीरपुर 33, चंबा 40, किन्नौर 28 और लाहौल स्पीति में 19 रूटों पर बसें चलाई जाएंगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group