-
Advertisement
HRTC | Punjabi Tourist | Gundagardi |
पंजाब-हिमाचल बॉर्डर पर निहंग सिखों के खालसा टैक्स का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की गुंडागर्दी का एक और मामला सामने आ गया है। इस बार निशाना बने हैं हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी HRTC के ड्राइवर और कंडक्टर। शिमला जिले के रामपुर डिपो की HRTC बस रामपुर से अंबाला की ओर जा रही थी। बस जैसे ही सोलन में परवाणू टोल प्लाजा के पास पहुंची, वहां एक स्पीड ब्रेकर आ गया। बस के ड्राइवर गिरजा राम ने स्पीड ब्रेकर देखकर बस की रफ्तार धीमी की। बस के धीमे होते ही पीछे से आ रही पंजाब नंबर की एक कार बस से टकरा गई। इसके बाद कार में सवार पंजाब के टूरिस्ट बाहर निकले और HRTC कर्मियों के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि पर्यटकों ने ड्राइवर गिरजा राम और कंडक्टर अमनजीत सिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद बस कंडक्टर और ड्राइवर ने तुरंत पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 3 जून की देर शाम को पंजाब के अमृतसर निवासी गजेंद्र और चमकोर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरी घटना के बाद से HRTC कर्मचारियों में भारी रोष है।

