-
Advertisement
हिमाचल: आज रात 12 बजे से थम जाएंगे HRTC के पहिए, यूनियन ने किया ऐलान
Last Updated on October 17, 2021 by Vishal Rana
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में आज रात 12 बजे से हिमाचल पथ परिवहन निगम के बसों (Bus) के पहिए थम जाएंगे। मांगे पूरी ना होने पर और वार्ता के लिए ना बुलाए जाने से नाराज हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। सोमवार को सभी बसें खड़ी कर चालक और परिचालक हड़ताल पर रहेंगे।
582 करोड़ रुपए की देनदारी है सरकार पर
कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। इसको लेकर खासी नाराजगी कर्मचारियों में है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के उपाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने सरकार पर आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों एवं पेंशनरों के करीब 582 करोड़ रुपए के अनेक वित्तीय लाभ और देनदारी कई साल से लंबित है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम में यह एक प्रथा बन चुकी है कि बिना आंदोलन किए कोई भी वित्तीय लाभ नहीं दिए जाते हैं।
बिना आंदोलन के सरकार नहीं सुनती बात
मान सिंह ठाकुर ने कहा कि चार सालों से कर्मचारियों ने कोई भी आंदोलन नहीं किया है। पर क्या करें बिना मांगें प्रबंधन व सरकार कर्मचारियों के कोई भी वित्तीय लाभ नहीं देती है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के तत्वावधान में परिवहन निगम के कर्मचारियों की मांगों को पूरा करवाने के लिए समिति द्वारा निगम प्रबंधन को 14 सितंबर को ही नोटिस जारी कर दिया था।
जानबूझ कर उकसा रही सरकार
उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन कर्मचारियों को जानबूझकर आंदोलन के लिए उकसा रहा है। निगम प्रबंधन संयुक्त समन्वय समिति के साथ पूर्व में किए गए समझौतों पर अमल नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक निगम के कर्मचारियों को जनवरी 2016 से 13 फीसदी आइआर, डीए जनवरी 2019 से चार, पांच और जुलाई 2019 से छह फीसद डीए देय है। साथ ही कर्मचारी एचआरटीसी को रोडवेज का दर्जा देने, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, पीस मील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध पर लाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम प्रबधन बीएमसी के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुला रही है, जबकि कर्मचारी यूनियन को नहीं बुलाया जा रहा है। जिसके चलते आज रात 12 बजे से बसें जहां होंगी, वहीं खड़ी कर दी जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page