- Advertisement -
देहरादून। जमीन को लेकर अक्सर लोग अपनों से ही लड़ने लगते हैं और कई बार तो बात जान लेने तक भी पहुंच जाती है। गूलरभोज में भी ऐसा ही कुछ हुआ। यहां पर खेत की मेढ़ को लेकर रिश्तेदारों के बीच हुई हाथापाई खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्से में आकर भतीजे ने फावड़े से अपनी चाची व पूर्व ग्राम प्रधान पर हमला (Attack) कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस आरोपी के भाई और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार चंदायन गांव में भगत सिंह अपनी पत्नी और पूर्व प्रधान संतो देवी (45) के साथ खेत पर धान लगा रहा था। इसी खेत के बराबर में उसके भाई भूरा सिंह का भी खेत है। दोनों परिवारों में जमीन (Property) को लेकर रंजिश चल रही है। यह देख भूरा का बेटा मदन सिंह भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जो खूनी संघर्ष में बदल गई।
मारपीट होती देख दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान मदन सिंह ने फावड़े से चाची संतो देवी के सिर पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। आनन-फानन में परिजन घायल को लेकर रुद्रपुर अस्पताल (Rudrapur Hospital) पहुंचे, लेकिन गंभीर हालत देखकर डॉक्टर ने संतो देवी को रेफर कर दिया। परिजन उसे हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए। गुरुवार को इलाज के दौरान संतो देवी की मौत हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना के बाद मुख्य आरोपी मदन की गिरफ्तारी को लेकर उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। उसके पिता भूरा सिंह और भाई त्रिलोक सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। आरोपी मदन की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
- Advertisement -