-
Advertisement
हिमाचल: एक घंटा पैदल चल मलाणा पहुंचे सीएम जयराम, अग्निकांड प्रभावितों के जख्मों पर लगाया मलहम
कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू जिला के सबसे ऐतिहासिक गांव मलाणा में हुए भीषण अग्निकांड प्रभावितों (fire affected) से आज सीएम जयराम ठाकुर (Cm jai Ram Thakur) ने मुलाकात की। इससे पहले जयराम ठाकुर ने परंपरा के अनुसार गांव में प्रवेश से पहले देव जमदग्नि ऋषि से अनुमति ली। देवता के गूर के माध्यम से अनुमति मिलने के बाद जयराम ठाकुर ने गांव में प्रवेश किया। गांव तक पहुंचने के लिए जयराम ठाकुर ने एक घंटा पैदल सफर तय किया। जयराम ठाकुर पैदल मलाणा गांव के दौरे के दौरान रास्ते में पत्थरों पर बैठकर आराम करते हुए दिखे।
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर और विधायकों सहित अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। सीएम जयराम ठाकुर ने गांव में पहुंचकर अग्निकांड प्रभावितों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। जयराम ठाकुर ने उन्हें हर संभव सहायता का वादा किया। बता दें कि मलाणा गांव में 26 अक्टूबर को भीषण अग्निकांड हुआ था। इस आगजनी में 16 मकान व एक शेड जलकर राख हो गया था। इस अग्निकांड से करीब 150 लोग प्रभावित हुए थे। ठंड के मौसम में सभी प्रभावित दूसरों के घरों में रात बिताने को मजबूर हैं। इस अग्निकांड से करीब नौ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: आधी रात आग की भेंट चढ़ी 4 दुकानें, हुआ लाखों का नुकसान

वैकल्पिक जीप मार्ग को दिए एक करोड़
पैदल सफर तय कर मलाणा गांव पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने गांव के लिए करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने कहा कि गांव वालों को सड़क तक पहुंचने में बहुत परेशानी होती है। इसलिए 6 माह के भीतर इस सड़क को तैयार किया जाए। सीएम जयराम ने कहा कि वहं अगले 6 माह बाद फिर से यहां आएंगे और तब तक सड़क तैयार हो जानी चाहिए। उन्होंने गांव के लिए एक वैकल्पिक जीप मार्ग गांव तक पहुंचाने के लिए एक करोड़ रुपए की भी घोषणा की।
यह भी पढ़ें: सीएम जयराम बोले: लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनेंगे घर
सीएम जयराम ने आगजनी प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां 36 परिवार प्रभावित हुए हैं उन सभी के घर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनेंगे और प्रत्येक प्रभावित को इसमें डेढ़ लाख रुपया दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री ऐच्छिक निधि से प्रत्येक परिवार को 25-25 देने की भी घोषणा की। आगजनी से जिन परिवारों का आंशिक नुकसान हुआ है उन्हें 10-10 देने का भी ऐलान किया है। वहीं पीड़ितों के मकानों के लिए फोरेस्ट कारपोरेशन की तरफ लकड़ी का प्रबंध किया जाएगा। प्रभावितों के मकानों को मनरेगा के तहत बनाया जाएगा।

मलाणा का स्कूल हुआ पदोन्नत
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मलाणा का जो वर्तमान में हाई स्कूल है उसे लोगों की मांग पर पदोन्नत किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने विधिवत पदोन्नति की घोषणा की, ताकि मलाणा के बच्चों को पढ़ाई के लिए कहीं और ना जाना पड़े। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें और उन्हें पढ़ाने में कोई कोर कसर ना छोड़ें। इसके लिए इलावा गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने की घोषणा की।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

