-
Advertisement
सुक्खू राज में माइनिंग माफिया को किसका संरक्षण है- पूछा जयराम ने
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) ने गुरुवार को एक बयान में सुक्खू सरकार से सवाल करते हुए कहा कि नदी-नालों के उफान पर होने के बावजूद माइनिंग माफिया (Mining Mafia) का खनन बदस्तूर जारी है। सीएम को बताना चाहिए कि इस माफिया को किन ताकतवर लोगों का संरक्षण है, जो अब पुलिस पर भी हमला कर रहे हैं।
जयराम ने ज्वालामुखी (Jwalamukhi) के खुंडिया के साथ लगते नुकेड़ खड्ड की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां अवैध खनन (Illegal Mining) कर रहे लोगों को जब पुलिस ने रोका तो उन्होंने पुलिस पर ही हमला कर दिया। इस तरह से माफ़ियाओं का बेलगाम होना प्रदेश के लिए चिन्ता का विषय हैं। जयराम ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि प्रदेश में खनन माफ़ियाओं को किसका संरक्षण मिल रहा है। यदि यह माफिया पुलिस पर हमला करने से नहीं डर रहे हैं तो इसका मतलब उनकी पहुंच और ऊपर तक होगी।
यह भी पढ़े:आपदा में राजनीति कर रही है सुक्खू सरकार: मारकंडा
पहले भी सामने आए ऐसे मामले
इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आये हैं, जब खनन माफ़ियाओं ने सरेआम गोलीबारी की है। नालागढ़ (Nalagarh) में इसी तरह की घटना हुई हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि यह प्रदेश के एक जगह की बात नहीं हैं। पूरे प्रदेश का यही हाल है। इस तरह से आतंक का माहौल बनाकर खनन करने की घटनाएं डराने वाली हैं। मैं सीएम से निवेदन करता हूं कि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाएं, क्योंकि यह देव भूमि की संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सवाल का उन नेताओं को भी जवाब देना चाहिए, जिन्होंने पिछले 5 साल में सिर्फ़ और सिर्फ़ खनन के मुद्दे पर अपनी राजनीति चमकानी चाही। आज उनकी खामोशी के क्या कारण हैं।
